Saturday, May 13, 2017

मुझे तुमने कवि माना चुपके से !

मेरी नींद उड़ गयी !
क्यों ?
पड़ोसी मुल्क में एक धमाका हुआ
25 मरे
कश्मीर में पड़ोसी मुल्क के सैनिकों ने
गोलीबारी की
एक माँ शहीद हो गयी
एक माँ के बेटे के साथ
मुल्क के भीतर मारा गया
एक नागरिक
उसकी थाली पर
सत्ता की नज़र थी
इक इबादतगाह पर हमला किया
एक धार्मिक संगठन की सेना ने
एक प्रेमी जोड़े को
मौत की सज़ा सुना दी गयी
प्रेम के जुर्म में
किसानों के एक समूह ने
आत्महत्या कर ली
क़र्ज़ के बोझ से
मैंने प्रेम किया नि:स्वार्थ
और असफल हुआ प्रेम में
मेरी कविता शमशान
या किसी कब्रिस्तान में पढ़ी गयी
मेरी मौत के बाद
मुझे तुमने कवि माना
चुपके से!

नदी / मेरी आँखें

नदी ने राह मांगी 
मैंने अपनी आँखें बिछा दी

Tuesday, May 9, 2017

मैंने पीठ दिखाना नहीं सीखा अब तक

मेरी हत्या की सारी तैयारी हो चुकी है
हत्या के बाद
न मेरी लाश मिलेगी
न ही मेरी हड्डियाँ
मेरी हत्या की तैयारी
बोलने वाले
चील, कौओं और गीदड़ों ने की है
इस बार
वे न तो मुझे दफनायेंगे
न ही जलाएंगे मेरी लाश को
और मैं हूँ
कि उनकी इस साजिश को समझते हुए भी
निहत्था खड़ा हूँ तुम्हारे पक्ष में
बात तुम्हारी मुक्ति तक सीमित नहीं है
मेरी लड़ाई
तुम्हारे सुखद और सुरक्षित भविष्य की भी है
और मैं जानता हूँ
कि वे कुछ नहीं बिगाड़ सकते मेरा
मेरी विजय से पहले |
बात दुश्मनों की तो समझ सकता हूँ
पर तुम कैसे शामिल हो गये उनके पक्ष में
मेरी हत्या की साजिश में ?
जबकि तुम्हें पता है
कि मेरे जाने के बाद भी यह सवाल
करता रहेगा तुम्हारा पीछा
लड़ाई में हार दुश्मनों से नहीं होती हर बार
कुछ अपने भी हरा दिया करते हैं कभी -कभी |
मैं बार-बार याद कर रहा हूँ
आज़ादी की इस संघर्ष में
साथ देने का तुम्हारे वादे को
और मैंने दिया था भरोसा
कि निराश नहीं करूँगा तुम्हें आखिरी साँस तक
फिर कैसे बदल गया ये मौसम अचानक !
कैसे हुआ यह सब
कि तुम भी खड़े हो गए मेरे विरुद्ध मेरे दोस्त ?
बहुत मासूम हो तुम साथी
कि समझ नहीं पाये उनकी चाल
चलो, तुम साथ न सही
तुम्हारे उस झूठे वादे को साथ मानकर
लडूंगा
मैंने पीठ दिखाना नहीं सीखा है अब तक |

Friday, May 5, 2017

यह वक्त बोलने का है

यह वक्त बोलने का है
चीखने और लड़ने का है
ऐसे समय में
तुम्हारी ख़ामोशी से
भयभीत हूँ मैं
तुम बोलो
या न बोलो
तुम्हारे पक्ष में
मैं आवाज़ उठाता रहूँगा
तुम्हारे हक़ के पक्ष में
पर अब तुमसे
कुछ बोलने की अपील नहीं करूँगा
तुम लेना अपना निर्णय
अपने समय से
मेरा संघर्ष जारी रहेगा
साँस के टूटने तक |

आज तुम, मुझे अपने सपने में देखना

जब तक
मैं लौटा,
गहरी नींद आ चुकी थी तुम्हें
जंगली फूल की महक से
भर गया था मेरा कमरा !
तुम्हारी नींद में
कोई ख़लल न पड़े
इसलिए
बड़ी सावधानी से प्रवेश किया
तुम्हारे स्वप्नों की दुनिया में
आज तुम,
मुझे अपने
सपने में देखना |

Wednesday, April 26, 2017

नि:शब्द है हमारा दर्द

नि:शब्द है 
हमारा दर्द 
आओ,
आँखों से साझा करें इसे 
हम, एक -दूजे से

कभी न माँगना मेरा अकेलापन

मैं एक यायावर हूँ
ठहराव नहीं,
राह चाहिए |
फिर भी 
कभी भूले से
यदि पहुँच जाऊं 
तुम्हारे शहर
तो मांग कर देखना कुछ
दे जाऊंगा सब कुछ |
केवल मुझसे
कभी न माँगना
मेरा अकेलापन,
मेरी उदासी
मैं  दे न सकूँगा |
-तुम्हारा कवि
तुम्हारे लिए
26 अप्रैल 2016

डरा हुआ व्यक्ति प्रेम नहीं कर सकता

  डरा हुआ व्यक्ति प्रेम नहीं कर सकता मैं बहुत डरपोक हो गया हूं तुमसे मिलने के बाद तुम्हे जान लेने के बाद ! जबकि जानता हूं मैं डरपोक नहीं हूं...